मंडलायुक्त सभागार में मंडलीय पोल्ट्री कॉनक्लेव एवं कुक्कुट निवेश सम्मेलन का आयोजन किया गया।
संवाददाता -धीरज वर्मा
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश पशुपालन विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को मंडलायुक्त सभागार में मंडलीय पोल्ट्री कॉनक्लेव एवं कुक्कुट निवेश सम्मेलन का आयोजन किया गया। मंडलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन का उद्देश्य मंडल में पोल्ट्री क्षेत्र को बढ़ावा देने के साथ किसानों और उद्यमियों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक पोल्ट्री प्रबंधन की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोल्ट्री उद्यमियों को विभागीय योजनाओं, तकनीकी मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक प्रबंधन अपनाकर पोल्ट्री उत्पादन तथा किसानों की आय में वृद्धि की व्यापक संभावनाएं हैं।
अपर निदेशक ग्रेड-2 पशुपालन विभाग डॉ. केपी सिंह ने किसानों एवं उद्यमियों का स्वागत करते हुए सम्मेलन के उद्देश्यों और पोल्ट्री क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बैंक ऋण, वित्तीय सहायता, कुक्कुट विकास नीति-2022, फार्म स्थापना, उत्पादन बढ़ाने, रोग नियंत्रण और वैज्ञानिक प्रबंधन से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
संयुक्त निदेशक पोल्ट्री लखनऊ डॉ. अश्विनी तिवारी और उप निदेशक पोल्ट्री डॉ. बृजेश कुमार त्रिपाठी ने भी प्रतिभागियों को तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी दी। सफल पोल्ट्री उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए।
सम्मेलन में बताया गया कि पोल्ट्री उद्योग को बढ़ावा देने के क्षेत्र में आजमगढ़ को प्रदेश में पांचवां स्थान मिला है। पवई स्थित अतुल लेयर फार्म के अतुल प्रताप सिंह ने बताया कि उनके प्रतिष्ठान का वार्षिक टर्नओवर करीब पांच करोड़ रुपये है और प्रतिदिन लगभग 50 हजार अंडों का उत्पादन होता है।
इस अवसर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले पोल्ट्री उद्यमियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन और बैंक की सहमति के बाद नियमानुसार 45 दिनों के भीतर लेटर ऑफ कंफर्ट जारी कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सम्मेलन में आजमगढ़, मऊ और बलिया समेत मंडल के पशुपालन विभाग के अधिकारी, पोल्ट्री किसान और उद्यमी मौजूद रहे। अधिकारियों ने इसे पोल्ट्री क्षेत्र में निवेश, स्वरोजगार और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
0 टिप्पणियाँ