आजमगढ़ : भंवरनाथ मंदिर में गूंजे भजनों के स्वर, रविंद्र सिंह ज्योति की प्रस्तुतियों पर झूमे शिवभक्त।

श्रावण मास के चतुर्थ सोमवार को श्रवण मेला एवं सिंगर महोत्सव में उमड़ा भक्तों का जनसैलाब, स्थानीय कलाकारों ने भी दी शानदार प्रस्तुतियां।
संवाददाता -धीरज वर्मा 
आजमगढ़। श्रावण मास के चतुर्थ सोमवार के अवसर पर श्री बाबा भंवरनाथ मंदिर परिसर में ब्लू नाइट आर्केस्ट्रा एंड जागरण ग्रुप एवं आजमगढ़ कलाकार संगठन की ओर से श्री बाबा भंवरनाथ की सरकार के दरबार में श्रावण मेला एवं सिंगर महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों के साथ अंतरराष्ट्रीय भजन गायक रविंद्र सिंह ज्योति का समागम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। भक्ति संगीत से सराबोर कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिवभक्त पहुंचे और देर शाम तक भजनों का आनंद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वांचल के लोकप्रिय गायक एवं फिल्म अभिनेता राजेश रंजन ने गणेश वंदना से किया। जय गणेश, जय महादेव की प्रस्तुति के साथ उन्होंने भक्ति संध्या का शुभारंभ किया। गणेश वंदना के दौरान मंदिर परिसर भगवान गणेश और भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद राजेश रंजन ने ‘जोगिया-जोगिया में बाबा का जोगिया’ जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजनों पर शिवभक्त झूमते और तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाते नजर आए।
कार्यक्रम में गायक संजीव प्रजापति ने भी अपनी प्रस्तुतियों से भक्तों को भावविभोर किया। वहीं जहांगीरगंज से पहुंचे शक्ति सोनकर ने भी शानदार भजनों की प्रस्तुति दी। इसके अलावा संगीता सोनकर, चंदा सरगम, प्रियंका शर्मा, शाह आलम सांवरिया, दुष्यंत शुक्ला गर्ग, अनुपम राय, गुड्डू, वीरेंद्र भारती, हिमांशु मिश्रा, वरुण धवन और चंदन सांवरिया सहित कई कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
रविंद्र सिंह ज्योति की प्रस्तुति ने बांधा समां-
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अंतरराष्ट्रीय भजन गायक रविंद्र सिंह ज्योति रहे। जैसे ही उन्होंने मंच संभाला, पूरा परिसर जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा। रविंद्र सिंह ज्योति ने एक के बाद एक देवी गीत प्रस्तुत किए। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्ति में सराबोर कर दिया।
उनके भोजपुरी देवी गीतों की मार्मिक प्रस्तुति पर कई श्रद्धालु भावुक भी नजर आए। ‘का कवने करनवा भुलईलू ना हो भुलईलू ना’ सहित अन्य भजनों पर भक्तों ने तालियों और जयकारों से कलाकार का उत्साह बढ़ाया। वहीं ‘चिरई होती जो हम मयरिया...’ की प्रस्तुति के दौरान श्रद्धालु भक्ति में झूमते दिखाई दिए और पूरे परिसर में जय माता दी के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही।
कलाकारों और पत्रकारों का हुआ सम्मान-
आयोजक संस्था की ओर से रविंद्र सिंह ज्योति का विशेष सम्मान किया गया। आजमगढ़ कलाकार संगठन एवं ब्लू नाइट आर्केस्ट्रा एंड जागरण समिति की ओर से उन्हें चांदी की नोट, शॉल और जय श्रीराम का पट्टा देकर सम्मानित किया गया।
देवखरी ग्राम प्रधान रुपेश सिंह ने भी कार्यक्रम में शामिल कलाकारों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सहयोग करने वाले संगीत कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा से माहौल को जीवंत बनाए रखा। दीपक गोड़, विशाल गोड़, सुनील बैजो, हरिंदर ने ढोलक, कीबोर्ड और अन्य वाद्ययंत्रों के माध्यम से कलाकारों के साथ शानदार संगत की।
आयोजकों की ओर से श्रावण मास के चतुर्थ सोमवार पर पहुंचे शिवभक्तों का स्वागत किया गया। इसके साथ ही पत्रकारों को भी अंगवस्त्र और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित पत्रकारों में आलम भाई, आरती गिरी, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया परफेक्ट न्यूज, गुड्डू भाई, सतीश चंद्र श्रीवास्तव, रामनयन और बृजेश सिंह सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे।
भक्ति के साथ झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में भजनों के साथ भगवान भोलेनाथ और अघोरी की दिव्य झांकियों तथा राधा रानी सरकार की जीवंत झांकियों ने भी श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। झांकियों ने धार्मिक वातावरण को और अधिक भव्य बना दिया।
कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा। मंदिर परिसर और आसपास श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भक्तों ने भजन-कीर्तन का आनंद लेने के साथ समिति की ओर से आयोजित भंडारे का प्रसाद भी ग्रहण किया।
समिति की ओर से राजेश रंजन ने अपनी पूरी टीम के साथ कार्यक्रम में आए सभी कलाकारों, शिवभक्तों, पत्रकारों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर फिल्म अभिनेता अजीत पांडे, विपिन सिंह, सुप्रसिद्ध गीतकार मृत्युंजय सिप्पी और रविशंकर तिवारी सहित कई लोग मौजूद रहे।
भक्ति संगीत, कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों, धार्मिक झांकियों और श्रद्धालुओं की सहभागिता से श्रावण मास का यह आयोजन देर शाम तक भक्तिमय माहौल में चलता रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ