कार पर दो राउंड गोली चलाने के बाद युवक को बाहर खींचकर किया हमला, गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती।
लखनऊ। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक युवक पर कथित रूप से फायरिंग और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार युवक पर दो राउंड गोली चलाने के बाद हमलावरों ने उसे वाहन से बाहर खींच लिया और धारदार हथियार तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक मिश्रीबाग निवासी शिवम चौरसिया का भाई सूरज चौरसिया रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे गोशाला रोड स्थित बगिया मंदिर के पास कार में अपने दोस्तों के साथ मौजूद था। इसी दौरान बाइक से पहुंचे कुछ लोगों ने कथित तौर पर कार को निशाना बनाते हुए दो राउंड फायर किए। गोली लगने से कार का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
फायरिंग के बाद कार में मौजूद सूरज के दोस्त मौके से निकल गए। आरोप है कि हमलावरों ने सूरज को कार से बाहर खींचकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। धारदार हथियार और लाठी-डंडों से किए गए हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी मिलने पर सूरज का भाई घटनास्थल पर पहुंचा और उसे घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया। परिजनों के अनुसार चोट गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर भेज दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पहले से चल रहा था दोनों पक्षों में विवाद
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना से एक दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इसी विवाद को रविवार की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।
एसीपी चौक शुभम कुमार के अनुसार घायल युवक के भाई की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और घटना के संबंध में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ