कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग, राष्ट्रपति के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन।
संवाददाता : धीरज वर्मा
आजमगढ़। मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आजमगढ़ में विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर–गद्दी छोड़’ के नारे लगाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। कांग्रेस नेताओं ने मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा तथा चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ के नेतृत्व में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से संबंधित लगाए जा रहे आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने तथा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता का वोट महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार, चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि मतदाताओं का विश्वास बना रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मताधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।
प्रदर्शन में रियाजुल हसन, राजाराम यादव, राहुल राय, गिरीश चंद्र चतुर्वेदी, चंद्रपाल सिंह यादव, अंसार अहमद, विपिन कुमार पाठक, बेलाल बेग, श्यामदेव यादव, मुन्नू यादव, तेज बहादुर यादव, दिनेश यादव, गोपाल कृष्ण राय, सुनील सिंह, अजीत राय, रमेश राजभर, नरेंद्र सिंह, सीमा भारती, शीला भारती, प्रेमा चौहान, केदार मौर्य, रज़ा उर्रहमान, मूलचंद चौहान, हरेंद्र सिंह, ओम प्रकाश सरोज, मो. अजमल और मन्तराज यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ