निजामाबाद के चकमाली गांव में हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश, विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप।
आजमगढ़। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के चकमाली गांव में विद्युत पोल के स्टेरॉड में उतरे करंट की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुरेंद्र सिंह पुत्र रघुवीर सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी है।
बताया गया कि मंगलवार की रात सुरेंद्र सिंह किसी घरेलू कार्य से गए थे। इसी दौरान वह विद्युत पोल के स्टेरॉड में उतरे करंट की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार के लोगों ने घटना की सूचना डायल-112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिस विद्युत पोल पर स्टेरॉड लगा है, उसमें उचित इंसुलेटर की व्यवस्था नहीं की गई थी। बताया गया कि विद्युत पोल आबादी के बीच एक बाउंड्रीवाल के अंदर स्थित है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने हादसे के लिए विद्युत विभाग की कथित लापरवाही को जिम्मेदार बताया है।
बुधवार सुबह भाजपा नेता एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष लालगंज शेर बहादुर सिंह ने भी घटना पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते बुजुर्ग पेंशनधारक की जान चली गई। उनके अनुसार मृतक की पेंशन से ही परिवार का भरण-पोषण होता था।
शेर बहादुर सिंह ने कहा कि आबादी वाले विद्युत पोलों पर सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाने चाहिए। उन्होंने पोल के स्टेरॉड में करंट उतरने की घटना की जांच कराने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
0 टिप्पणियाँ