शिकायतकर्ता ने पड़ोसी पक्ष पर दीवार गिराने, पत्नी-बेटी से मारपीट और रास्ते में घेरकर धमकाने का लगाया आरोप।
संवाददाता : अबुल कैश
निजामाबाद/आजमगढ़। थाना क्षेत्र के नेवादा गांव में दीवार निर्माण को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। शिकायतकर्ता नारायण गौतम ने पड़ोसी पक्ष पर दीवार निर्माण का विरोध करने, मारपीट करने और धमकी देने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार नारायण गौतम ने बैनामे की जमीन पर मकान का निर्माण कराने के बाद चारों तरफ बाउंड्री बनवाई थी। आरोप है कि पड़ोसी वृद्धनाथ व अन्य लोगों ने दीवार निर्माण का विरोध करते हुए पहले से बनी दीवार को गिरा दिया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, 20 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे विवाद के दौरान उसकी पत्नी और बेटी के साथ अभद्रता तथा मारपीट की गई। शोर सुनकर आरोपी मौके से चले गए। आरोप है कि बाद में घर जाते समय शिकायतकर्ता को रास्ते में घेरकर धमकी दी गई।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी तहरीर में अपनी बेटी के सीने और जांघ में चोट लगने की बात भी बताई है। साथ ही करीब 40 वर्ष पुरानी दीवार गिराए जाने से आर्थिक नुकसान होने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस अभिलेख के अनुसार निजामाबाद थाने में 21 सितंबर 2026 को एफआईआर संख्या 0235 दर्ज की गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उपनिरीक्षक दिलीप आनंद को विवेचना सौंपी गई है। एफआईआर में वृद्धनाथ, राजू, शीला, प्रियंका, आकाश, इंद्रकला, अश्वनावती, संजय और डब्बू को नामजद किया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। एफआईआर में लगाए गए आरोपों की पुष्टि विवेचना पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
0 टिप्पणियाँ