आधार कार्ड मांगने को लेकर कहासुनी के बाद गोली चलाने का आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच।
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम पूजा के दौरान हुए विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घटना में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत की सूचना है। मृतकों में महिला के अलावा दो पंडित बताए जा रहे हैं। हालांकि, घटना में हुई मौतों और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच तथा पोस्टमार्टम के बाद होने की बात कही जा रही है।
बताया गया कि गांव में अरविंद सिंह के घर पर मंगलवार शाम पूजा चल रही थी। घर में चार पंडित, अरविंद की पत्नी बबीता, उनका बेटा और बेटी मौजूद थे। इसी दौरान शाम करीब छह बजे अरविंद बाजार से घर पहुंचा। घर में पूजा होते देखकर उसने पंडितों से जानकारी ली। इसके बाद आधार कार्ड दिखाने को लेकर कथित तौर पर पंडितों और अरविंद के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रारंभिक सूचना के अनुसार, विवाद बढ़ने पर अरविंद ने घर में रखी पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी पत्नी बबीता और दो पंडितों के घायल होने की जानकारी सामने आई। बाद में तीनों की मौत की सूचना मिली। मृतकों में पंडित महेंद्र पाठक का नाम भी बताया जा रहा है।
घटना के संबंध में प्रारंभिक जानकारी में राइफल से भी एक गोली चलने की बात सामने आई है। फायरिंग के बाद पूजा में शामिल अन्य पंडित मौके से भाग निकले। गोलियों की आवाज से गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस द्वारा घटनास्थल से हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटना के वास्तविक कारण, फायरिंग की परिस्थितियों और मौतों की पुष्टि जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
0 टिप्पणियाँ