सभासद पुनीत राय के आरोपों को बताया निराधार, ऑडियो की निष्पक्ष जांच कराने की मांग।
संवाददाता : धीरज वर्मा
आजमगढ़। आराजी बाग के सभासद पुनीत राय की ओर से लगाए गए आरोपों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित ऑडियो को लेकर भाजपा नेता पंकज मोहन सोनकर ने सफाई दी है। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए धमकी और गाली-गलौज के आरोपों को निराधार बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
भाजपा नेता पंकज मोहन सोनकर ने कहा कि उन्होंने भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा ऑडियो सुना है। उनका दावा है कि बातचीत में उनकी ओर से न तो किसी प्रकार की धमकी दी गई और न ही गाली-गलौज की गई। उन्होंने कहा कि सभासद पुनीत राय से उनका कोई व्यक्तिगत सरोकार नहीं है और वह उनके क्षेत्र के सभासद भी नहीं हैं।
पंकज मोहन सोनकर ने आरोप लगाया कि बिना किसी वजह के उनके नाम का इस्तेमाल कर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने वायरल ऑडियो की सत्यता की जांच कराने और पूरे मामले की वास्तविकता सामने लाने की मांग की।
भाजपा नेता का कहना है कि बातचीत के दौरान सामने वाले व्यक्ति की ओर से कथित तौर पर बदतमीजी की गई, जबकि उन्होंने अपनी ओर से सामान्य तरीके से बातचीत की। उन्होंने कहा कि यदि उनकी ओर से कोई गलती हुई है तो उसे जांच के माध्यम से सामने लाया जाना चाहिए।
अपने बयान में पंकज मोहन सोनकर ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें अनुसूचित जाति से होने के कारण निशाना बनाया जा सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि मामला जातिगत सोच से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे प्रकरण की वास्तविकता निष्पक्ष जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।
भाजपा नेता ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल किसी ऑडियो या आरोप के आधार पर बिना सत्यापन के किसी व्यक्ति की छवि खराब करना उचित नहीं है। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से तथ्यों के साथ अपनी बात रखने और निष्पक्ष जांच में सहयोग करने की अपील की।
0 टिप्पणियाँ