वसीम अहमद ने 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का किया आह्वान, रोजगार और महंगाई के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा…
संवाददाता : अबुल कैश/धीरज वर्मा
आजमगढ़।निजामाबाद बाजार में रविवार को समाजवादी पार्टी के नेता वसीम अहमद के नेतृत्व में PDA महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय लोगों के जुटने का दावा किया गया। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सपा नेता ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान किया।
महापंचायत को संबोधित करते हुए वसीम अहमद ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य PDA के लोगों को एकजुट करना और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देना है। उन्होंने दावा किया कि महापंचायत में वर्ष 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने PDA की मुहिम को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने की बात कही।
सपा नेता ने भाजपा सरकार पर रोजगार, महंगाई और चुनावी वादों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले जनता से खातों में 15 लाख रुपये देने और युवाओं को दो करोड़ रोजगार देने जैसे वादे किए गए थे, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई को लेकर युवाओं में नाराजगी है तथा जनता बदलाव का मन बना चुकी है।
महापंचायत में मतदाता सूची से संबंधित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। वसीम अहमद ने लोगों से अपने गांव और घरों तक जागरूकता अभियान पहुंचाने तथा SIR से जुड़ी प्रक्रिया को समय से पूरा कराने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि कुछ राज्यों में चुनाव के दौरान मतदाता सूची से नाम कटने की शिकायतें सामने आई थीं। उन्होंने लोगों से मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण समय रहते जांचने का आग्रह किया।
महापंचायत में मौजूद भीड़ को सपा नेता ने PDA और समाजवादी पार्टी के समर्थन के रूप में पेश किया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ