आजमगढ़ : एनसीसी शिविर में कैडेटों को पढ़ाया गया सड़क सुरक्षा का पाठ।

टीएसआई जयशंकर सिंह ने यातायात नियमों की दी जानकारी, हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल पर दिया जोर।
आजमगढ़। 99 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में डेंटल कॉलेज, इटौरा-चंडेश्वर में चल रहे संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-328) में कैडेटों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। 21 से 30 सितंबर तक आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में चौथे दिन सड़क सुरक्षा विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम हुआ।
कार्यक्रम में टीएसआई जयशंकर सिंह ने कैडेटों को यातायात नियमों और सुरक्षित आवागमन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित इस्तेमाल, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने तथा सड़क पर यातायात नियमों का पालन करने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए। एनसीसी कैडेट खुद नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सकते हैं।
शिविर के दूसरे दिन आयोजित उद्घाटन संबोधन में कमान अधिकारी कर्नल दिनेश शर्मा ने प्रशिक्षण के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला था। उन्होंने बताया था कि शिविर के माध्यम से कैडेटों को सैन्य एवं रेजिमेंटल जीवन की विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराने के साथ इंटर ग्रुप प्रतियोगिता के लिए प्रतिभाशाली कैडेटों को तैयार किया जा रहा है। उन्होंने अनुशासन, समर्पण, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता के साथ प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए कैडेटों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान कॉन्स्टेबल विनय कुमार राय, सूबेदार मेजर विनोद कुमार, सेकेंड ऑफिसर दिनेश कुमार मिश्रा, लेफ्टिनेंट चन्दन कुमार सहित एनसीसी अधिकारी और कैडेट मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सहयुक्त एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज सिंह ने किया।
शिविर में कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
संवाददाता: राकेश गौतम
जन चेतना एक्सप्रेस

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ