बलरामपुर : ट्रक में लिफ्ट लेकर गई किशोरी ने चालक पर लगाया यौन शोषण का आरोप।

सलेमपुर में दर्ज हुई जीरो एफआईआर, घटनास्थल बलरामपुर-बस्ती के बीच होने के कारण मामला संबंधित पुलिस को भेजा गया।
देवरिया। बलरामपुर जिले की 17 वर्षीय किशोरी ने एक ट्रक चालक पर लिफ्ट देने के बहाने अपने साथ यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। रविवार सुबह ट्रक के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र में रुकने के दौरान किशोरी चालक से बचकर सलेमपुर कोतवाली पहुंची और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार, किशोरी शनिवार देर रात बलरामपुर के पास मुख्य मार्ग पर खड़ी थी। इसी दौरान एक ट्रक चालक ने उससे बातचीत की और परेशानी पूछने के बाद उसे लिफ्ट देने की बात कही। आरोप है कि चालक ने किशोरी को भरोसा दिलाया कि ट्रक बिहार जा रहा है और लौटते समय उसे बस्ती में उतार देगा।
तहरीर के मुताबिक, ट्रक में बैठने के बाद चालक ने वाहन खलासी को चलाने के लिए दे दिया। किशोरी ने आरोप लगाया कि बलरामपुर और बस्ती के बीच चालक ने उसके साथ यौन शोषण किया। रात होने के कारण वह तत्काल किसी से मदद नहीं ले सकी।
सुबह सलेमपुर कोतवाली के पास ट्रक रुकने पर चालक चाय पीने के लिए नीचे उतरा। इसी दौरान किशोरी ट्रक से निकलकर सलेमपुर कोतवाली पहुंच गई। पुलिस ने उसकी तहरीर पर जीरो एफआईआर दर्ज कर संबंधित थाने को भेज दी है। किशोरी को वन स्टॉप सेंटर, देवरिया में रखा गया है।
सीओ सलेमपुर गौरव सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में घटनास्थल बलरामपुर और बस्ती के बीच का सामने आया है। इसी आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर संबंधित पुलिस को भेजी गई है। मामले की विवेचना बलरामपुर पुलिस द्वारा की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ