आजमगढ़ : सेंट जेवियर्स हाई स्कूल में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस।

छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से शिक्षकों के प्रति जताया सम्मान, प्रधानाचार्य ने बताया शिक्षक को राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक।
संवाददाता -धीरज वर्मा 
आजमगढ़। जिले के प्रतिष्ठित सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, एलवल, आजमगढ़ में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रशांत चंद्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल एवं अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य विनय पाण्डेय, सीएओ साक्षी बिसेन, उप-प्रधानाचार्य संजय कुमार पाण्डेय तथा को-ऑर्डिनेटर धीरेन्द्र भारद्वाज एवं मोना सिंह ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने शिक्षकों को तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद सरस्वती वंदना के साथ भाषण, कविता, नाटक, गीत एवं नृत्य सहित मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षक उनके जीवन को सही दिशा देने के साथ उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य विनय पाण्डेय ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों के महत्व का संदेश दिया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाचार्य ने सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ