आजमगढ़ : 26 हजार प्राइमरी स्कूल बंद किए जाने के विरोध में सपा ने मनाया शिक्षक दिवस।

आजमगढ़ की सभी दस विधानसभाओं में बंद विद्यालयों के बाहर कार्यक्रम, सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर लगाए शिक्षा से वंचित करने के आरोप।
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश में 26 हजार प्राइमरी स्कूलों को बंद किए जाने के विरोध में शिक्षक दिवस के अवसर पर आजमगढ़ की सभी दस विधानसभाओं में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बंद किए गए प्राइमरी स्कूलों के कैंपस के बाहर छात्रों, शिक्षकों और ग्रामीणों के साथ शिक्षक दिवस मनाया।
इस दौरान पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक डॉ. संग्राम यादव, अखिलेश यादव, नफीस अहमद, डॉ. एचएन सिंह पटेल, कमलाकांत राजभर, बेचई सरोज, पूजा सरोज सहित कई पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, पूर्व एमएलसी एवं पार्टी नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
कार्यक्रमों के दौरान सपा नेताओं ने ग्रामीणों और अभिभावकों को विद्यालय बंद होने से होने वाले संभावित नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गरीब, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्ग के बच्चों को शिक्षा से दूर करने की दिशा में काम कर रही है तथा सरकारी स्कूलों के बंद होने से निजी विद्यालयों को बढ़ावा मिलेगा।
सपा नेताओं ने कहा कि सरकारी विद्यालय गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों की शिक्षा का प्रमुख माध्यम हैं। विद्यालयों के बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा हासिल करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को लेकर गांव-गांव जाएगी और अभियान को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों को बचाने तथा बच्चों की शिक्षा के अधिकार के सवाल पर पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।
कार्यक्रमों में चंद्रदेव राम यादव करैली, कमला प्रसाद यादव, राकेश कुमार यादव गुड्डू, डॉ. रामदुलार राजभर, आदिल शेख, श्याम बहादुर सिंह यादव, जयराम सिंह पटेल, वर्मन यादव, डॉ. हरिराम यादव, हरिश्चंद्र यादव, सोमनाथ यादव, जगदीश यादव, डॉ. धनराज यादव, राज नारायण यादव, राम आसरे चौहान, वसीमुद्दीन शेख, अशोक यादव सहित अन्य पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ