बड़ी खबर : मासूम से दुष्कर्म के विरोध में पूर्वांचल सेना का प्रदर्शन।

गोरखपुर के अंबेडकर चौक पर उठी न्याय की मांग, आरोपी को कड़ी सजा और पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये सहायता देने की मांग।
गोरखपुर। महाराजगंज जनपद के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर पूर्वांचल सेना के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को गोरखपुर के अंबेडकर चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के सदस्यों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए पीड़िता को न्याय दिलाने और उसके परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
संगठन के अनुसार, 9 सितंबर को गांव के ही 55 वर्षीय मेवालाल पर छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा था। पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की जानकारी दी गई है। घटना के बाद बच्ची का उपचार गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मासूम की हालत को लेकर परिजन और स्थानीय लोग चिंतित हैं।
प्रदर्शन के दौरान पूर्वांचल सेना ने मांग की कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए। संगठन ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाने के लिए शासन से प्रभावी पैरवी कराने की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग भी रखी गई।
पूर्वांचल सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि मासूम बच्ची को न्याय दिलाना और उसके परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। संगठन ने मामले में त्वरित कार्रवाई और पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ