गोंडा व्यापारी हत्याकांड पर संजय सिंह ने सरकार को घेरा, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल।

आप सांसद बोले- जब कैबिनेट मंत्री को न्याय के लिए धरने पर बैठना पड़े तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक, आरोपियों की गिरफ्तारी और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग

गोंडा। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गोंडा के व्यापारी विनोद कुमार साहनी की हत्या के मामले को लेकर प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश सरकार में शामिल कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद को भी अपनी ही सरकार के पुलिस-प्रशासन से न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठना पड़ रहा है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है। संजय सिंह ने बताया कि परसपुर थाना क्षेत्र में बर्तन व्यापारी और निषाद पार्टी से जुड़े विनोद कुमार साहनी पर हमला हुआ था, जिसके बाद गंभीर हालत में उनका लखनऊ स्थित केजीएमयू में उपचार चल रहा था, जहां उनकी मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में स्थानीय पुलिस की भूमिका को लेकर मृतक के परिजनों ने सवाल उठाए हैं और समय पर कार्रवाई नहीं होने की शिकायत की है। आप सांसद ने सरकार से घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा यदि जांच में पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। संजय सिंह ने कहा कि सत्ता में शामिल लोगों को ही यदि न्याय के लिए पुलिस-प्रशासन के सामने धरना देना पड़े, तो सरकार के कानून-व्यवस्था से जुड़े दावों पर सवाल उठना लाजिमी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ