RRB ने जारी किया संभावित परीक्षा कार्यक्रम, परीक्षा से चार दिन पहले डाउनलोड होंगे ई-कॉल लेटर।
नई दिल्ली। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) भर्ती परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। CEN 01/2026 के तहत आयोजित होने वाली कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-1) का संभावित कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। जारी नोटिस के अनुसार असिस्टेंट लोको पायलट पद के लिए CBT-1 परीक्षा 3 नवंबर से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी।
रेलवे भर्ती बोर्ड के अनुसार परीक्षा का शहर और तिथि देखने तथा अनुसूचित जाति (SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) अभ्यर्थियों के लिए यात्रा प्राधिकरण डाउनलोड करने का लिंक परीक्षा तिथि से 10 दिन पहले संबंधित आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, अभ्यर्थी अपना ई-कॉल लेटर परीक्षा तिथि से चार दिन पहले डाउनलोड कर सकेंगे।
नोटिस में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन की जानकारी भी दी गई है। अभ्यर्थियों को मूल आधार कार्ड अथवा ई-वेरिफाइड आधार का प्रिंटआउट साथ ले जाने की सलाह दी गई है। जिन अभ्यर्थियों ने अब तक आधार प्रमाणीकरण नहीं कराया है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत इसे पूरा कर सकते हैं।
रेलवे ने अभ्यर्थियों से आधार में नाम, जन्मतिथि, फोटो, पता और पिता का नाम सही रखने की अपील की है। साथ ही भर्ती प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए केवल आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइटों पर भरोसा करने और फर्जी नौकरी के वादे करने वाले लोगों से सावधान रहने को कहा गया है।
0 टिप्पणियाँ