ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला, घायलों को निजी अस्पतालों में कराया गया भर्ती; चालक हिरासत में!
संवाददाता: योगेश कुमार
मेरठ। रोहटा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह बच्चों से भरी एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब छह फीट गहरे खेत में पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए बस के शीशे तोड़े और बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में 15 से अधिक बच्चों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को मेरठ और मोदीपुरम के विभिन्न निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, जानी थाना क्षेत्र स्थित स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल की बस बुधवार सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। सुबह करीब 7:30 बजे बस अमानुल्लाहपुर और चिंदौड़ी गांव के पास पहुंची। इसी दौरान बस अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस का स्टेयरिंग फेल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
बस पलटते ही बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़ पड़े। बस के दरवाजे से बच्चों को निकालने में परेशानी होने पर लोगों ने शीशे तोड़े और एक-एक कर बच्चों को बाहर निकाला। घायलों में कक्षा तीन के छात्र अर्पित और अनाया समेत कई बच्चों के शामिल होने की जानकारी मिली है। कुछ बच्चों को गंभीर चोटें आने की बात भी सामने आई है। घायलों को एसडीएस ग्लोबल अस्पताल सहित मोदीपुरम और मेरठ के अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी देहात अभिजीत कुमार सहित अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बस की फिटनेस, संभावित तकनीकी खराबी और दुर्घटना के अन्य कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद बच्चों के परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। कुछ परिजनों ने चालक पर लापरवाही से बस चलाने का आरोप लगाया, जबकि स्टेयरिंग फेल होने की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दुर्घटना तकनीकी खराबी, चालक की लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुई।
0 टिप्पणियाँ