गंभीरपुर में गला रेतकर शाहरुख खान की हत्या से सनसनी, पाव रोटी बेचकर चलाता था परिवार; पुलिस जांच में जुटी!
आजमगढ़। जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गौरी गांव में बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक की गला रेतकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। मृतक की पहचान शाहरुख खान (30 वर्ष), पुत्र मुस्तफा, निवासी ग्राम पंचायत गौरी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शाहरुख बोलने में असमर्थ था और पाव रोटी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, शाहरुख मंगलवार शाम घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोगों ने गांव और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने डायल 112 और गंभीरपुर पुलिस को सूचना दी। हालांकि, देर रात तक युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
बुधवार सुबह तलाश के दौरान ग्रामीणों ने गौरी गांव में नट बस्ती के बगल बहा में एक युवक का शव पड़ा देखा। शव की पहचान शाहरुख के रूप में होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। गला रेतकर हत्या किए जाने की जानकारी सामने आते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर गंभीरपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और किसी संदिग्ध की भूमिका को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
बताया गया कि शाहरुख तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह पाव रोटी बेचकर परिवार की आजीविका में सहयोग करता था। उसकी मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी घटना को लेकर चर्चा और शोक का माहौल है। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के स्पष्ट होने की उम्मीद है।
0 टिप्पणियाँ