135 पाउच शराब बरामद, आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज!
आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र में अवैध देशी शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 135 पाउच अवैध देशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 27 लीटर बताई गई है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक उमाशंकर सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम महुजा नेवादा में छापेमारी की। यहां अपने घर के सामने कथित रूप से अवैध देशी शराब बेच रही महिला को गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान मंशा देवी (करीब 45 वर्ष), पत्नी विनोद कुमार, निवासी महुजा नेवादा, थाना बरदह, आजमगढ़ के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से विंडीज लाइम ब्रांड के 200 मिलीलीटर वाले 135 पाउच बरामद किए गए। पुलिस ने इस मामले में थाना बरदह में मुकदमा संख्या 334/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) में अभियोग पंजीकृत किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला के आपराधिक इतिहास में वर्ष 2018 का एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उमाशंकर सिंह, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार और महिला आरक्षी संजू शामिल रहीं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
0 टिप्पणियाँ