सस्ते सोने और आईफोन का लालच देकर 69 हजार की ठगी, पुलिस ने पीड़िता को वापस कराए 4 हजार रुपये।

रौनापार साइबर टीम ने 19,830.76 रुपये कराए होल्ड, शेष धनराशि वापस कराने की प्रक्रिया जारी।
आजमगढ़। जिले के रौनापार थाना क्षेत्र में कम कीमत पर सोना और आईफोन दिलाने का लालच देकर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर अपराधी के झांसे में आकर एक महिला ने 69 हजार रुपये गंवा दिए। शिकायत मिलने के बाद रौनापार थाने की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता के 4 हजार रुपये वापस करा दिए हैं, जबकि 19,830.76 रुपये विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी ने पीड़िता को कम दाम में सोना और आईफोन उपलब्ध कराने का प्रलोभन दिया था। उसके झांसे में आकर पीड़िता ने 14 अप्रैल 2026 को आरोपी द्वारा उपलब्ध कराए गए स्कैनर के माध्यम से 69 हजार रुपये भेज दिए। बाद में ठगी का एहसास होने पर उसी दिन साइबर शिकायत संख्या 33104260082322 के तहत शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत मिलने के बाद थाना रौनापार की साइबर टीम ने संबंधित बैंकों से ई-मेल और बातचीत के माध्यम से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद ठगी की रकम में से 19,830.76 रुपये विभिन्न खातों में होल्ड कराए गए। होल्ड की गई धनराशि में से एमआरएम पोर्टल के माध्यम से 4 हजार रुपये पीड़िता के बैंक खाते में वापस कराए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पोर्टल पर शेष धनराशि अपडेट होने के बाद उसे भी वापस कराने की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को थाना रौनापार की साइबर टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कम कीमत पर सोना, मोबाइल या अन्य महंगे सामान दिलाने के नाम पर मिलने वाले प्रलोभनों से सावधान रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति के बताए स्कैनर या खाते में बिना सत्यापन के पैसे न भेजें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ