आजमगढ़ : बच्चों को डांटने के विवाद में पिता-पुत्री पर हमला, आरोपी गिरफ्तार..!

परशुरामपुर गांव में बांस के डंडे से सिर पर वार करने का आरोप, मुकदमे में वांछित चल रहा था सुग्रीव प्रजापति..!
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव में बच्चों को डांटने की बात को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्री पर कथित रूप से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुग्रीव प्रजापति पुत्र जयराम प्रजापति, निवासी परशुरामपुर, थाना गंभीरपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त की रात करीब आठ बजे बच्चों को डांटने की बात को लेकर ध्यानचंद प्रजापति का अपने बड़े भाई जयराम प्रजापति और भतीजे सचिन प्रजापति से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सुग्रीव प्रजापति ने बांस के मोटे डंडे से ध्यानचंद और उसकी पुत्री तमन्ना के सिर पर हमला कर दिया। हमले में दोनों को गंभीर चोटें आई थीं।
घटना के संबंध में ध्यानचंद की तहरीर पर गंभीरपुर थाने में मु0अ0सं0 209/2026 दर्ज किया गया था। मुकदमे में सुग्रीव प्रजापति के साथ जयराम प्रजापति और सचिन प्रजापति को भी आरोपी बनाया गया था। मामले में धारा 109(1), 115(2), 352, 351(3) और 117(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
परशुरामपुर मोड़ से दबोचा गया आरोपी-
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर को उपनिरीक्षक सूरज चौधरी ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ सुग्रीव प्रजापति को परशुरामपुर कस्बा मोड़ से सुबह करीब 8:45 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 40 वर्ष बताई गई है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सूरज चौधरी, कांस्टेबल धीरज सिंह और कांस्टेबल सोनू यादव शामिल रहे।
स्रोत: आजमगढ़ पुलिस की प्रेस-विज्ञप्ति, 2 अक्टूबर 2026

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ