गैस रिसाव से लगी आग में दूसरी मौत, पत्नी ने भी इलाज के दौरान तोड़ा दम!

गोरखपुर के राप्तीनगर में मरम्मत के दौरान हुआ था हादसा; पति की पहले हो चुकी थी मौत, घरेलू सहायिका की हालत गंभीर!
गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र के राप्तीनगर फेज-एक में घरेलू गैस सिलिंडर से रिसाव के बाद लगी आग में झुलसीं जया दास (70) की गुरुवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे पहले उनके पति रंजन दास (75) ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। हादसे में दंपती की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। घटना में घर में काम करने वाली दशावती देवी (65) और गैस एजेंसी का हाकर इंद्रेश भी झुलस गए थे। दशावती देवी की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि हाकर का उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, राप्तीनगर फेज-एक स्थित एलआइजी-156 मकान में शनिवार, 10 अक्टूबर की सुबह गैस सिलिंडर की पाइप और चूल्हे की मरम्मत कराई जा रही थी। बताया गया कि रंजन दास के घर में गैस की लौ धीमी जल रही थी। समस्या ठीक कराने के लिए गैस एजेंसी के हाकर को बुलाया गया था। मरम्मत के दौरान गैस रिसाव की जांच की जा रही थी, तभी अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से रंजन दास, उनकी पत्नी जया दास, घरेलू सहायिका दशावती देवी और हाकर इंद्रेश झुलस गए। घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
रंजन दास, जया दास और दशावती देवी को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जबकि हाकर इंद्रेश का उपचार निजी अस्पताल में शुरू हुआ। गंभीर रूप से झुलसे रंजन दास की 11 अक्टूबर की भोर में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। अब उनकी पत्नी जया दास ने भी दम तोड़ दिया। एक ही हादसे में पति-पत्नी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना घरेलू गैस उपकरणों की मरम्मत के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को भी रेखांकित करती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ