आजमगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र के सिधारी गांव में प्रेमिका से मिलने आए 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान जहानागंज थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव निवासी दीपक राम (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में युवती और उसकी दादी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दीपक राम का सिधारी गांव निवासी एक युवती से इंस्टाग्राम के माध्यम से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती बीएससी की छात्रा होने के साथ ब्यूटीशियन का कोर्स भी कर रही है। उसके पिता रोजगार के सिलसिले में पंजाब में रहते हैं और वह अपनी दादी के साथ रहती थी। बताया गया कि दीपक बृहस्पतिवार रात युवती से मिलने सिधारी गांव आया था। इसके बाद किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
मेंहनगर के थानाध्यक्ष अभिराज सरोज ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। पुलिस हत्या, आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
0 टिप्पणियाँ