आजमगढ़ में सपा का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का लिया संकल्प।

हजारों कार्यकर्ताओं ने निकाला मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी; धर्मेंद्र यादव ने कहा—सड़क से सदन तक जारी रहेगा संघर्ष।
संवाददाता -धीरज वर्मा 
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर बुधवार को आजमगढ़ में ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। पार्टी के अनुसार, दोपहर से पहले ही कार्यकर्ता कुंवर सिंह उद्यान में जुटने लगे और देखते ही देखते पार्क कार्यकर्ताओं से भर गया।
जिलाध्यक्ष हवलदार यादव और सांसद धर्मेंद्र यादव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला। इस दौरान ‘ज्ञानेश कुमार हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’, ‘भाजपा हटाओ, संविधान बचाओ’ और ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’ जैसे नारे लगाए गए। कई कार्यकर्ता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, डॉ. राममनोहर लोहिया, मुलायम सिंह यादव, कांशीराम और अखिलेश यादव की तस्वीरें व नारे लिखी तख्तियां लेकर मार्च में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान सांसद धर्मेंद्र यादव ने महात्मा गांधी, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस, राहुल सांकृत्यायन, विश्राम राय और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
धर्मेंद्र यादव ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर भाजपा तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक आवाज उठाएगी। उनके संबोधन में संविधान के अनुच्छेद 326 का भी उल्लेख किया गया।
इस दौरान सपा के फ्रंटल संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध जताया। पार्टी के अनुसार, इस दौरान दुर्गेश यादव, कुणाल मौर्य, सूरज राजभर, जोरार खान, प्रदीप यादव और आनंद यादव समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ किया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
मार्च में सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, एमएलसी बलराम यादव, पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, एमएलसी शाह आलम गुड्डू जमाली, विधायक डॉ. संग्राम यादव, नफीस अहमद, अखिलेश यादव, बेचई सरोज, कमलाकांत राजभर, पूजा सरोज, डॉ. एचएन सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व सांसद नंद किशोर यादव सहित बड़ी संख्या में सपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ