वोट चोरी के आरोपों पर INDIA गठबंधन का हल्लाबोल, 8 अक्टूबर को आजमगढ़ में प्रदर्शन।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ ने चुनावी पारदर्शिता पर उठाए सवाल, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग।
आजमगढ़। वोट चोरी के आरोपों, मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर INDIA गठबंधन की ओर से जिला कांग्रेस कार्यालय में संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को कांग्रेस जिलाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ ने संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है। चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब मिलना जरूरी है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता लोकतंत्र की बुनियाद है। मतदाता सूची से जुड़े किसी भी संदेह की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े इन मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक आवाज उठाएगा।
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति या दल के खिलाफ नहीं, बल्कि मतदाताओं के अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ी है। इसी क्रम में 8 अक्टूबर को आजमगढ़ में वोट चोरी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की गई।
प्रेस वार्ता में रियाजुल हसन, राहुल राय, चंद्रपाल सिंह यादव, गिरीश चंद्र चतुर्वेदी, अंसार अहमद, अजीत राय, शीला भारती, प्रेमा चौहान, प्रदीप यादव, बृजेश पांडेय सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ