आजमगढ़ : 23 वर्षों से सड़क की आस, ग्रामीणों ने डीएम से फिर लगाई गुहार।

समेंदा-राउतमऊ के जर्जर मार्ग को लेकर सौंपा स्मरण पत्र, पूर्व निर्देशों के बावजूद स्थलीय जांच न होने पर जताई नाराजगी।

आजमगढ़। विकासखंड सठियांव के ग्राम समेंदा और राउतमऊ (रथुआ) के ग्रामीणों ने करीब 23 वर्षों से बदहाल पड़े मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर जिलाधिकारी को दोबारा स्मरण पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद अब तक प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण नहीं किया है। ग्रामीणों के मुताबिक 22 सितंबर 2026 को जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन के बाद एडीएम सदर और पुलिस विभाग को निष्पक्ष पैमाइश, स्थलीय निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कार्रवाई आगे नहीं बढ़ने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि समेंदा-रथुआ से भरथहीं नहर मार्ग, गाटा संख्या 484 लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क निर्माण में कथित बाधा के चलते समस्या और गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के कार्य में भी रुकावट का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क की खराब स्थिति से राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी उठानी पड़ रही है। आपात स्थिति में बीमार और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कत होती है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य को लेकर उन्हें धमकी और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की कि एडीएम सदर, राजस्व टीम और पुलिस बल को मौके पर भेजकर विवादित स्थल की पैमाइश कराई जाए। साथ ही कथित अवरोध हटाकर सड़क निर्माण और जल जीवन मिशन का कार्य शुरू कराया जाए। स्मरण पत्र सौंपने वालों में प्रवेश मौर्य, मीरज मौर्य, रामकवल मौर्य, विजयी मौर्य सहित समेंदा और राउतमऊ के अन्य ग्रामीण शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ