बड़ी खबर : बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर बोला हमला...!

युवाओं के भविष्य और महिला सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल, सपा-PDA पर भी निशाना साधा...!
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने आकाश आनंद की पार्टी में वापसी के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) दोनों पर जमकर हमला बोला है। प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं का भविष्य बर्बाद करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि जब भी युवा परीक्षा देने जाते हैं, पेपर लीक होने की खबरें आती हैं। यूपीटीईटी की परीक्षा 4 साल बाद भी कराने के बावजूद जूनियर सुपर टेट की अभी तक वैकेंसी नहीं आई है, जिससे लाखों युवा बेरोजगार पड़े हुए हैं। पाल ने महिला सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया और कहा कि वर्तमान सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने वादा किया कि यदि बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनी तो युवाओं को रोजगार दिया जाएगा और महिलाओं को सुरक्षित कर उन्हें मुख्य धारा में जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
विश्वनाथ पाल ने समाजवादी पार्टी को दलित और पिछड़ा विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि जब सपा की सरकार थी, तब सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बहुजन महापुरुषों के नाम पर बनी जिलों और योजनाओं का नाम बदलकर उन्हें अपमानित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि अब सपा PDA (पीछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नाम पर ढोंग कर रही है। पाल ने स्पष्ट किया कि यदि बसपा की सरकार बनती है तो सभी को सुरक्षा दी जाएगी और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर काम किया जाएगा।
यह बयान उस समय आया जब बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को फिर से पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया है। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में आकाश आनंद का स्वागत करते हुए विश्वनाथ पाल और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें पार्टी की नीली टोपी पहनाई। आकाश आनंद ने मायावती से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। यह आकाश आनंद की तीसरी वापसी है और पार्टी इसे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी के संदर्भ में देख रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ