सरकारी योजनाओं और आवास दिलाने का झांसा देकर महिलाओं को बनाते थे निशाना, तमंचा, कारतूस, आभूषण, नकदी और बाइक बरामद!
आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में महिलाओं से आभूषण ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बेला कलेशपुर उर्फ किशुनपुर निवासी साहब राम (43) पुत्र स्वर्गीय मुसाफिर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, कप्तानगंज बाजार में एक अक्टूबर और कौड़िया बाजार में पांच अक्टूबर 2026 को महिलाओं को सरकारी योजनाओं और आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके आभूषण व नकदी ठगने की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में कप्तानगंज थाने में मुकदमा संख्या 310/2026 और 311/2026 दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। मामले में नाम सामने आने के बाद महिला आरोपी नीरज उर्फ गुड्डी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पासीपुर नहर पुलिया के पास हुई मुठभेड़-
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 11 और 12 अक्टूबर की मध्यरात्रि प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ पासीपुर नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ठगी के मामलों में वांछित साहब राम मोटरसाइकिल से गोपालगंज की ओर से आने वाला है।
पुलिस ने घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे एक व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और रात करीब 1:30 बजे उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पहले उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोयलसा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया गया।
तमंचा, आभूषण और मोटरसाइकिल बरामद-
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पीली धातु के कान के टॉप्स की एक जोड़ी, मोती की माला सहित एक लॉकेट, 1,350 रुपये नकद और TECNO CAMON मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपनी बहन नीरज उर्फ गुड्डी के साथ मिलकर महिलाओं को सरकारी योजनाओं और आवास का लाभ दिलाने का झांसा देकर आभूषण व नकदी ठगने की बात बताई। आरोपी के कथन के मुताबिक, दोनों कभी बाजार में महिलाओं को अपने झांसे में लेते थे तो कभी उनके घर जाकर रिश्तेदार होने का विश्वास दिलाते थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने ठगी में मिले कुछ आभूषण एक अज्ञात फेरी वाले को सात हजार रुपये में बेचने की बात भी बताई। बरामद नकदी को उसने आभूषणों की बिक्री से प्राप्त रकम बताया। पुलिस इन बयानों और बरामद वस्तुओं के संबंध में आगे की जांच कर रही है।
आजमगढ़ और गाजीपुर में नौ मुकदमे दर्ज-
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आजमगढ़ और गाजीपुर जनपद में पहले से नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, ठगी, आपराधिक धमकी और आबकारी अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं। मुठभेड़ और अवैध असलहे की बरामदगी के संबंध में कप्तानगंज थाने में मुकदमा संख्या 312/2026 दर्ज किया गया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
0 टिप्पणियाँ