भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ की संयुक्त बैठक में पत्रकारिता की निष्पक्षता, निर्भीकता और सामाजिक दायित्वों पर हुई चर्चा!
रमेश चंद्र यादव - विशेष संवाददाता
आजमगढ़। महान पत्रकार एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती के अवसर पर सोमवार को आजमगढ़ के कुंवर सिंह उद्यान में भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ की आजमगढ़ जिला, मंडल तथा अंबेडकर नगर इकाई की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को याद करते हुए पत्रकारिता के मूल्यों पर चलने का आह्वान किया गया।
बैठक की अध्यक्षता आजमगढ़ जिलाध्यक्ष दुर्गा राय ने की, जबकि संचालन जिला मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी ने अपनी लेखनी के माध्यम से अन्याय, शोषण और सामाजिक असमानता के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने पत्रकारिता को जनहित और सामाजिक बदलाव का सशक्त माध्यम बनाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश संरक्षक रामचन्द्र राय, मंडलाध्यक्ष कृष्ण मणि शुक्ल, महामंत्री सुरेश चन्द्र यादव, डॉ. राजेश गुप्ता और सुरेश कुमार ने विद्यार्थी के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान के साथ-साथ समाज में एकता, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने के उनके प्रयास आज भी प्रासंगिक हैं।
वक्ताओं ने वर्तमान समय में पत्रकारिता के सामने मौजूद चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पत्रकारों को निष्पक्षता, निर्भीकता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। समाचारों में तथ्यों की पुष्टि, जनसमस्याओं को प्राथमिकता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पत्रकारिता की विश्वसनीयता के लिए आवश्यक है।
बैठक में पत्रकारों के सम्मान, अधिकारों की सुरक्षा और संगठन की एकजुटता पर भी विचार-विमर्श हुआ। उपस्थित पत्रकारों ने समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर अंबेडकर नगर जिलाध्यक्ष संतोष कुमार पाण्डेय, दयाराम, सुरेश यादव, मंत्रराज यादव, नीरज शर्मा, सुनील कुमार सहित आजमगढ़ मंडल और अंबेडकर नगर के कई पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य गणेश शंकर विद्यार्थी के विचारों को स्मरण करते हुए पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
0 टिप्पणियाँ