2019 से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त रक्त उपलब्ध करा रही अल-फलाह फाउंडेशन, देश-विदेश में चला रही सेवा अभियान!
फूलपुर (आजमगढ़)। हजारों जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त रक्त उपलब्ध कराने और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सामाजिक कार्यकर्ता जाकिर हुसैन को मानव सेवा ट्रस्ट की ओर से सम्मानित किया गया। संस्था ने विशेष समारोह आयोजित कर उनके निस्वार्थ सेवा कार्यों की सराहना की और उन्हें प्रतिष्ठित अवार्ड प्रदान किया।
जाकिर हुसैन वर्ष 2019 से अपनी संस्था अल-फलाह फाउंडेशन (ब्लड डोनेट ग्रुप) के माध्यम से गरीब, असहाय और जरूरतमंद मरीजों को बिना किसी शुल्क के रक्त उपलब्ध कराने का अभियान चला रहे हैं। संस्था की सेवाएं केवल देश तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विदेशों में भी जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त रक्त उपलब्ध कराने में योगदान दे रही हैं।
कोरोना महामारी के दौरान जाकिर हुसैन और उनकी टीम ने देशभर में जरूरतमंद लोगों की सहायता की थी। रक्तदान के साथ-साथ वह शिक्षा और पिछड़े समाज से जुड़े विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
संस्था की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, अल-फलाह फाउंडेशन अब तक लगभग 932 गंभीर मरीजों को कई हजार यूनिट रक्त निःशुल्क उपलब्ध करा चुका है। संस्था आजमगढ़, जौनपुर, लखनऊ, दिल्ली, मुंबई, बिहार, मुरादाबाद, सहारनपुर, मेरठ और उत्तराखंड सहित विभिन्न शहरों एवं राज्यों में अपनी सेवाएं दे रही है।
जाकिर हुसैन को सम्मानित किए जाने पर उनके शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। लोगों ने उम्मीद जताई कि उनका सेवा अभियान भविष्य में भी जरूरतमंद मरीजों के लिए इसी तरह मददगार बना रहेगा।
0 टिप्पणियाँ