युवती को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप, सेहदा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास से पुलिस ने पकड़ा!
आजमगढ़। महराजगंज थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मुहम्मद हलीम उर्फ समीर (28) पुत्र महबूब अली, निवासी सिसवनिया (भरवलिया), थाना कोतवाली महराजगंज, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 18 अक्टूबर को सेंहदा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, महराजगंज थाना क्षेत्र की निवासी एक युवती ने 16 अक्टूबर को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि मुहम्मद हलीम उर्फ समीर ने उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 249/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69, 351(3) और 352 में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष जयप्रकाश के नेतृत्व वाली टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजय कुमार यादव, कांस्टेबल अश्वनी कुमार गुप्ता और कांस्टेबल दीपक जायसवाल शामिल रहे। मामले में पुलिस की आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
0 टिप्पणियाँ