गर्दन पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद!

रास्ता पूछने को लेकर हुआ था विवाद, घटना के बाद से फरार चल रहा था आरोपित! 
आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र में रास्ता पूछने को लेकर हुए विवाद में चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कैथौली गांव निवासी आंशु राजभर (27) के रूप में हुई है।
मामले के अनुसार, ग्राम बेला निवासी नीलम मिश्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 18 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे खेतापट्टी-फत्तेपुर पक्की सड़क पर बेला गांव के तिराहे के पास रास्ता पूछने की बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान आंशु राजभर ने उनके पति सद्गुरु प्रसाद मिश्रा की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शिकायत मिलने के बाद दीदारगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 192/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी की तलाश की जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दीदारगंज पुलिस ने 19 अक्टूबर को संग्रामपुर से फत्तेहपुर जाने वाले मार्ग के तिराहे पर दबिश देकर आंशु राजभर को दोपहर करीब 1:10 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह यादव, कांस्टेबल महेश यादव, वीरेन्द्र कुमार और अंकित कुमार कुशवाहा शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ