ब्रेकिंग न्यूज़ : BSF भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित, 2 नवंबर को होगा हेड कांस्टेबल RO और RM का एग्जाम।

22 अक्टूबर से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड, दो पालियों में आयोजित की जाएगी कंप्यूटर आधारित परीक्षा! 
नई दिल्ली। सीमा सुरक्षा बल (BSF) में हेड कांस्टेबल के पदों पर भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। बीएसएफ के संचार विभाग में हेड कांस्टेबल (रेडियो ऑपरेटर) और हेड कांस्टेबल (रेडियो मैकेनिक) भर्ती-2025 की कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (CBT) आगामी 2 नवंबर 2026, सोमवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा के समय और रिपोर्टिंग टाइम का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
पहली पाली में रेडियो ऑपरेटर की परीक्षा-
बीएसएफ की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, हेड कांस्टेबल (रेडियो ऑपरेटर) पद के लिए परीक्षा सुबह 9 बजे से 11 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 7:30 बजे परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। परीक्षा केंद्र का गेट सुबह 8:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचना जरूरी होगा।
दूसरी पाली में रेडियो मैकेनिक का एग्जाम-
हेड कांस्टेबल (रेडियो मैकेनिक) पद के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक होगी। इस पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 11:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। परीक्षा केंद्र का गेट दोपहर 12:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए समय से पहले केंद्र पहुंचें।
 22 अक्टूबर को जारी होंगे एडमिट कार्ड-
आधिकारिक सूचना के मुताबिक, अभ्यर्थियों के ई-एडमिट कार्ड 22 अक्टूबर 2026, गुरुवार को सुबह 9 बजे से उपलब्ध होंगे। अभ्यर्थी बीएसएफ के आधिकारिक भर्ती पोर्टल https://rectt.bsf.gov.in पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। रोल नंबर आवंटन और एडमिट कार्ड से संबंधित सूचना पंजीकृत मोबाइल नंबर तथा ई-मेल आईडी पर भी भेजी जाएगी।
जिन अभ्यर्थियों ने रेडियो ऑपरेटर और रेडियो मैकेनिक दोनों पदों के लिए आवेदन किया है, उनके लिए अलग-अलग ई-एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। प्रवेश पत्र डाक से नहीं भेजे जाएंगे।
 परीक्षा से पहले निर्देश पढ़ना जरूरी-
बीएसएफ ने अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड में दिए गए ऑनलाइन परीक्षा संबंधी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी है। प्रत्येक अभ्यर्थी को बीएसएफ रोल नंबर के अतिरिक्त एक विशिष्ट CBT रोल नंबर भी आवंटित किया जाएगा, जिसका उल्लेख प्रवेश पत्र पर रहेगा।
अभ्यर्थी परीक्षा से पहले अपने एडमिट कार्ड पर दर्ज परीक्षा केंद्र, समय और अन्य निर्देशों की जांच कर लें। किसी भी बदलाव या अतिरिक्त जानकारी के लिए आधिकारिक भर्ती पोर्टल पर जारी सूचना को ही मान्य माना जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ