प्रयास सामाजिक संगठन ने मनाई मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि, उनके संघर्षों और विचारों को किया याद।

शोषितों, वंचितों और पिछड़ों के अधिकारों के लिए कांशीराम का योगदान अविस्मरणीय : इंजीनियर सुनील यादव
आजमगढ़। कलेक्ट्रेट स्थित प्रयास सामाजिक संगठन के कार्यालय पर शुक्रवार को बहुजन आंदोलन के प्रणेता मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता संगठन के सचिव इंजीनियर सुनील यादव ने की। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने मान्यवर कांशीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके विचारों और संघर्षों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। सभा को संबोधित करते हुए इंजीनियर सुनील यादव ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने अपना संपूर्ण जीवन शोषितों, वंचितों और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सामाजिक और राजनीतिक रूप से जागरूक करने के साथ ही उसे सत्ता की मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके संघर्षों ने समाज के वंचित वर्गों में अधिकारों के प्रति चेतना जगाई और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में नई राह दिखाई। उन्होंने कहा कि कांशीराम के विचार आज भी सामाजिक समानता, न्याय और अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले लोगों को प्रेरणा देते हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में समानता और समरसता की भावना को मजबूत किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए मान्यवर कांशीराम के सामाजिक योगदान को याद किया। इस अवसर पर प्रदुम्मन, मनोज, जेपी, विनोद कुमार, अमरनाथ, प्रवीण, इंजीनियर अमित यादव, बृजेश और राजेश सहित कई प्रबुद्धजन एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने समाज सुधार, सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ