NHM आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने छह सूत्रीय मांगों को लेकर किया धरना-प्रदर्शन।

समान कार्य के लिए समान वेतन समेत EPF, ESI, ग्रेच्युटी, स्वास्थ्य बीमा और समायोजन की मांग।
संवाददाता -धीरज वर्मा 
आजमगढ़। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत जिला महिला चिकित्सालय, आजमगढ़ में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने बुधवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले कर्मचारियों ने छह सूत्रीय मांगों को उठाते हुए शासन से जल्द समाधान की मांग की।
धरना दे रहे कर्मचारियों ने समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने की मांग प्रमुखता से रखी। इसके साथ ही NHM में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के समायोजन अथवा प्रस्तावित आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से नियोजन कर निगम की सुविधाओं का लाभ देने की मांग की गई।
कर्मचारियों ने सभी आउटसोर्स कार्मिकों को EPF, ESI, ग्रेच्युटी और स्वास्थ्य बीमा जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। इसके अलावा प्रत्येक वर्ष कार्य अनुभव का मूल्यांकन, अनुकम्पा नियुक्ति का अधिकार और कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने की मांग की गई।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता, उनका संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान कर्मचारियों ने “NHM आउटसोर्सिंग कर्मचारी एकता जिंदाबाद” और “हम सबका साथ, हमारा संघर्ष, हमारा अधिकार” जैसे नारे लगाए।
धरने में राजेश कुमार, सीमा यादव, कनकलता, वैशाली, अब्बास, मनोज, अनिल, पल्लवी, दीपशिखा, पुष्पा, दीपिका, अतुल, ऋषभ, सर्वेश और सतेंद्र सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ