फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य, पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुटी!
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा स्थित उमा के पूरा गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 17 वर्षीय किशोर का शव घर के सामने नीम के पेड़ पर गमछे के सहारे लटका मिला। मृतक की पहचान अनिकेश पुत्र धर्मराज, उम्र लगभग 17 वर्ष, निवासी उमा के पूरा गांव के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर निजामाबाद थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह और फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईपीएस सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटाई और जांच की कार्रवाई शुरू कर दी।
ग्रामीणों के मुताबिक, अनिकेश का शव उसके घर के सामने स्थित नीम के पेड़ पर गमछे के सहारे लटका हुआ दिखाई दिया। बताया जाता है कि गांव की एक महिला की नजर सबसे पहले शव पर पड़ी। इसके बाद उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की है। फिलहाल किशोर की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है।
0 टिप्पणियाँ