आजमगढ़: नीम के पेड़ पर गमछे के सहारे लटका मिला 17 वर्षीय किशोर का शव, गांव में मचा हड़कंप!

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य, निजामाबाद पुलिस और सीओ सदर ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच! 
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा स्थित उमा के पूरा गांव में गुरुवार को 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अनिकेश पुत्र धर्मराज के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, किशोर का शव घर के सामने स्थित नीम के पेड़ पर गमछे के सहारे लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि गांव की एक महिला ने सबसे पहले शव को देखा। इसके बाद घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। किशोर की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर निजामाबाद थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा, आईपीएस सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
फिलहाल किशोर की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ