इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में हुआ कार्यक्रम, चिकित्सकों ने बेहतर खानपान और नियमित दिनचर्या को बताया स्वस्थ जीवन का आधार!
आजमगढ़। आरोग्य भारती गोरक्ष प्रांत आजमगढ़ के तत्वावधान में शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में भगवान धन्वंतरि जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. एसके सिंह, जिला संरक्षक सीताराम पांडेय, जिलाध्यक्ष डॉ. देवेश दुबे, सचिव डॉ. रणधीर सिंह और महिला प्रकोष्ठ प्रमुख डॉ. नेहा दुबे ने संयुक्त रूप से पूजन किया।
कार्यक्रम में प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. एसके सिंह ने भगवान धन्वंतरि के जीवन और आरोग्य भारती के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और बेहतर जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता बताई।
जिलाध्यक्ष डॉ. देवेश दुबे ने कहा कि शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ व्यक्ति ही अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान दे सकता है। इसलिए शरीर को स्वस्थ रखना प्रत्येक व्यक्ति की पहली जिम्मेदारी है।
सचिव डॉ. रणधीर सिंह ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए रहन-सहन और खानपान का बेहतर होना बेहद जरूरी है। वहीं महिला प्रकोष्ठ प्रमुख डॉ. नेहा दुबे ने महिलाओं के स्वास्थ्य पर जोर देते हुए कहा कि उन्हें अपने दैनिक भोजन में आयरन, कैल्शियम और प्रोटीन जैसे आवश्यक पोषक तत्वों को शामिल करना चाहिए, ताकि वे स्वस्थ और ऊर्जावान रह सकें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक एवं संरक्षक सीताराम पांडेय ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कौशल कुमार राय, जिला योजना समिति सदस्य एवं गुरुटोला अनंतपुरा के सभासद मोहम्मद अफजल, अशोक सिंह, संदीप पांडेय, नीलम श्रीवास्तव, शालिनी श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ