आजमगढ़ में खेत में मिला पान विक्रेता का शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप!

गर्भवती पत्नी के सिर से उठा पति का साया, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; जांच के लिए पुलिस ने गठित कीं तीन टीमें! 

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अमिलो स्थित महाजन का बाग में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खेत में युवक का शव पड़ा मिला। सुबह शौच के लिए जा रहे स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय रविकांत उर्फ हीरा के रूप में हुई है, जो पान बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने रविकांत की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

 पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया। शुरुआती जांच में पुलिस को मृतक के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

परिवार की स्थिति को देखते हुए यह घटना और भी दुखद हो गई है। रविकांत चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसका एक भाई खाड़ी देश में नौकरी करता है। रविकांत की शादी करीब एक वर्ष पहले खुशबू से हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है। पति की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही जांच को आगे बढ़ाने के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर ने बताया कि शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ