आजमगढ़ में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ, अधिकारियों ने दिखाई हरी झंडी।

16 से 30 नवंबर तक चलेगा जागरूकता अभियान, हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन की अपील।
संवाददाता-धीरज वर्मा 
आजमगढ़। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को जिले में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान को एसपी ट्रैफिक पंकज श्रीवास्तव, आरटीओ अतुल यादव एवं एआरएम अजय कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने वाहन चालकों, परिचालकों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न माध्यमों से लोगों को सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया जाएगा। ठंड के मौसम को देखते हुए वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि जीवन अनमोल है, इसलिए वाहन चलाते समय लापरवाही न बरतें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें और तीन सवारी बैठाने से बचें। चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। वाहनों पर मानक के अनुरूप नंबर प्लेट लगाएं तथा नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
इसके अलावा निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सड़क पर बाईं ओर चलने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यातायात नियमों का पालन करके स्वयं के साथ दूसरों का जीवन भी सुरक्षित रखा जा सकता है।
अधिकारियों ने संदेश दिया कि आपकी सुरक्षा हमारा संकल्प है। जीवन अमूल्य है, इसे व्यर्थ न गंवाएं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ