तहबरपुर पुलिस ने नेवादा गांव स्थित घर से अंसार अहमद को किया गिरफ्तार, EOW की जांच के आधार पर दर्ज हुआ था धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों का मुकदमा।
आजमगढ़। जनपद के तहबरपुर थाना क्षेत्र में फर्जी मदरसा संचालित कर सरकारी धनराशि एवं अनुदान प्राप्त करने के प्रयास के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त अंसार अहमद (58) पुत्र स्वर्गीय अजीज अहमद निवासी ग्राम नेवादा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर अस्तित्वहीन मदरसा इस्लामिया अंसारूल उलूम, नेवादा बीबीपुर के नाम पर धोखाधड़ी करने, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और उन्हें असली के रूप में इस्तेमाल कर सरकारी अनुदान प्राप्त करने का प्रयास करने का आरोप है। इस मामले में 10 फरवरी 2025 को राज्य विशेष अपराध अनुसंधान (EOW), मुख्यालय लखनऊ के निरीक्षक एवं जांच अधिकारी कुंवर ब्रह्म प्रकाश सिंह की ओर से प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के प्रेस नोट के मुताबिक, इस मामले में मु0अ0सं0 45/25 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 409, 420, 467, 468 और 471 में अभियोग पंजीकृत किया गया था। बाद में मुकदमे की विवेचना थाना तहबरपुर स्थानांतरित कर दी गई, जिसकी जिम्मेदारी उपनिरीक्षक दशरथ उपाध्याय को सौंपी गई थी। 17 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षक दशरथ उपाध्याय पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्त की तलाश में मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी अपने घर ग्राम नेवादा में मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सुबह करीब 10:50 बजे उसके घर के दरवाजे से उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दशरथ उपाध्याय, कांस्टेबल किशन मिश्रा और कांस्टेबल बृजेश कुमार शामिल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामला फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से सरकारी अनुदान प्राप्त करने के प्रयास से जुड़ा है। मामले में आगे की विवेचनात्मक एवं कानूनी प्रक्रिया जारी है।
0 टिप्पणियाँ