आजमगढ़: फरिहा बाजार में भीषण जाम से थमी रफ्तार, घंटों हलकान रहे राहगीर।

चारों प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार, पुलिस बूथ पर अकेले मोर्चा संभालते दिखे सिपाही निखिल कुशवाह; जाम से निजात दिलाने के लिए बाजारवासियों ने प्रशासन से की ठोस व्यवस्था की मांग।
संवाददाता -अबुल कैश 
फरिहा, आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा बाजार में मंगलवार को भीषण जाम के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। बाजार से निकलने वाले चारों प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों, बाजारवासियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी गंभीर रही कि लोगों को कुछ दूरी तय करने में घंटों लग गए। छोटे-बड़े वाहनों के साथ भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से बाजार में यातायात का दबाव बढ़ता गया। इस दौरान पुलिस बूथ पर सिपाही निखिल कुशवाह अकेले यातायात व्यवस्था संभालते नजर आए। जाम की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय दुकानदार और राहगीर भी यातायात सुचारु कराने में सहयोग करते दिखाई दिए।
स्थानीय बाजारवासियों का कहना है कि फरिहा बाजार में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या से अधिकारियों को कई बार ज्ञापन और प्रार्थना पत्र के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। लोगों के मुताबिक एनएच-128 स्थित टोल प्लाजा पर टोल टैक्स से बचने के लिए छोटे-बड़े और भारी वाहन फरिहा बाजार से होकर वैकल्पिक रास्ते के रूप में गुजरते हैं। इसके चलते बाजार में वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है और आए दिन जाम की स्थिति पैदा हो रही है।
बाजारवासियों ने प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि फरिहा बाजार से भारी वाहनों के अनियंत्रित आवागमन पर प्रभावी रोक लगाई जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए स्थायी इंतजाम किए जाएं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ