आजमगढ़ में पुलिस की कार्रवाई, मोबाइल छिनैती के दो आरोपी गिरफ्तार; अवैध तमंचे के साथ एक युवक पकड़ा गया।

सिधारी पुलिस ने मोबाइल छिनैती की घटना का किया खुलासा, जहानागंज पुलिस ने .315 बोर के तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ आरोपी को दबोचा।
संवाददाता -राकेश गौतम 
आजमगढ़। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिधारी और जहानागंज थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सिधारी पुलिस ने मोबाइल छिनैती की घटना का अनावरण करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया, जबकि जहानागंज पुलिस ने अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर 2026 की रात करीब 9 बजे सिधारी पेट्रोल पंप से लगभग 200 मीटर पूरब मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने गुड़िया पुत्री टुनू राम निवासी ग्राम लेदिया, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर का मोबाइल फोन छीन लिया था। पीड़िता की तहरीर पर थाना सिधारी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
13 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे उपनिरीक्षक बालेन्द्र कुमार यादव की टीम ने बैठौली तिराहे से दौलतपुर जाने वाले मार्ग पर कार्रवाई करते हुए आयुष सिंह (26) निवासी करनपुर, थाना जहानागंज तथा आयुष पाण्डेय (24) निवासी पलिया सोफीगंज, थाना मेंहनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
वहीं, थाना जहानागंज पुलिस ने 14 नवंबर की रात करीब 12:52 बजे मुखबिर की सूचना पर तरछा पुलिया के दक्षिण दिशा में स्थित एक अर्धनिर्मित मंदिर के पास से आजाद यादव (23) निवासी वीरभद्रपुर, थाना जहानागंज को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
इस मामले में थाना जहानागंज पर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक के खिलाफ वर्ष 2024 में भी दो मुकदमे दर्ज हैं।
दोनों कार्रवाई में संबंधित थानों की पुलिस टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ