संकरी गली में दमकल की दो गाड़ियों को मुख्य सड़क पर खड़ा कर बिछानी पड़ी लंबी पाइपलाइन, काफी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू; शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका।
आजमगढ़। शहर के चौक स्थित पुरानी सब्जी मंडी रोड के खत्री टोला मोहल्ले में सोमवार को दिन में एक पुराने मकान में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घनी आबादी और संकरी गली में मकान होने के कारण आग बुझाने पहुंची दमकल टीम को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन गली इतनी संकरी थी कि वाहन मकान तक नहीं पहुंच सके। इसके बाद दमकलकर्मियों ने मुख्य सड़क से लंबी पाइपलाइन बिछाकर मकान तक पानी पहुंचाया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फायर ब्रिगेड अधिकारी बनारसी दास ने बताया कि खत्री टोला की एबीसी गली में राकेश कुमार अग्रवाल का पुराना मकान है। इसमें बुजुर्ग महिला अंजू अग्रवाल और युवक आलोक रहते हैं। सोमवार को आलोक किसी काम से बलिया गया हुआ था, जबकि बुजुर्ग महिला मकान के निचले तल पर मौजूद थीं। आग मकान की पहली मंजिल पर स्थित एक कमरे में लगी थी। कमरे में कपड़े और अन्य घरेलू सामान रखा हुआ था।
बताया गया कि घटना के समय मकान में बिजली का कनेक्शन चालू था। प्रारंभिक आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण कमरे में आग लगी। समय पर जानकारी नहीं मिलने से आग धीरे-धीरे फैलने लगी। आग का पता चलने पर बुजुर्ग महिला मकान से बाहर निकलीं और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि संकरी गली के कारण गाड़ियां घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकीं। दमकलकर्मियों ने मुख्य सड़क पर वाहन खड़े कर पाइप के जरिए पानी पहुंचाना शुरू किया। काफी प्रयास के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास के दूसरे मकानों को इसकी चपेट में आने से बचा लिया गया। अधिकारी के अनुसार घटना में कोई बड़ी क्षति नहीं हुई।
संकरी गलियों में आग बुझाना बड़ी चुनौती-
फायर ब्रिगेड अधिकारी बनारसी दास ने कहा कि घनी आबादी और संकरी गलियों वाले मोहल्लों में आग लगने की घटनाएं गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं। ऐसे स्थानों पर दमकल की बड़ी गाड़ियों का पहुंचना मुश्किल होता है। पाइप के माध्यम से पानी पहुंचाने में भी अतिरिक्त समय लगता है। उन्होंने लोगों से घरों में अग्निशमन यंत्र रखने की अपील की। विशेष रूप से ऐसे भवनों में, जहां आवासीय उपयोग के साथ व्यावसायिक गतिविधियां भी संचालित होती हैं, वहां अग्निशमन उपकरणों के साथ पानी की पाइपलाइन की व्यवस्था रखने की सलाह दी।
0 टिप्पणियाँ