अय्याम-ए-फातिमा पर नोबेलरे सोसाइटी की पहल, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच भी हुई; डॉ. अरशद हुसैन बोले- मजहब पूछे बिना जरूरतमंदों की मदद करना ही असली इंसानियत।
आजमगढ़। हजरत फातिमा जहरा (स.अ.) की याद में मनाए जा रहे अय्याम-ए-फातिमा के अवसर पर नोबेलरे सोसाइटी की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर ‘रक्त अमृत’ का आयोजन किया गया। मदरसा जामिया इमाम मेहदी (एटीएफएस) और जामिया हजरत जैनब (स.अ.) के सहयोग से आयोजित यह शिविर सीताराम, दलालघाट स्थित मदरसा जामिया इमाम मेहदी में शाम से रात 10 बजे तक चला। इसमें कई लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता और सेवा का संदेश दिया।
शिविर का उद्देश्य हजरत फातिमा जहरा (स.अ.) की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर सेवा, त्याग और परोपकार की भावना को बढ़ावा देना तथा जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। शिविर में रक्तदान के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की भी व्यवस्था की गई। इसमें लोगों के रक्तचाप, रक्त शर्करा और नाड़ी की जांच की गई।
इस दौरान डॉ. कुमैल, असगर अब्बास, अली शब्बीर, आसिफ वसी और अली तौकीर सहित कई स्वयंसेवकों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद आजमगढ़ के अध्यक्ष मंसूर अहमद रहे। शिया समुदाय के अध्यक्ष अज़ादार हुसैन उर्फ चुन्ना, तौकीर मेहदी जमाल, यासूब अब्बास, डॉ. अरशद हुसैन, ए.ए. अब्बासी, मिर्जा जफर अली बेग और शकील हैदर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पत्रकारों से बातचीत में डॉ. अरशद हुसैन ने कहा कि हजरत फातिमा जहरा की याद में इस तरह के आयोजन की शुरुआत आजमगढ़ के लोगों ने की है। इसे आने वाले वर्षों में भी निरंतर जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद की मदद करते समय उसका मजहब नहीं पूछना चाहिए। इंसानियत के नाते हर जरूरतमंद की सहायता करना ही सबसे बड़ा नेक कार्य है।
शिविर का समन्वय मौलाना मोहम्मद मेहदी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में नोबेलरे सोसाइटी के संरक्षक मिन्हाज सुगरा, उपाध्यक्ष साहिल कुमार, सचिव तालिब हुसैन, संयुक्त सचिव गुलाम वासिल, संचालन प्रमुख शुभम कुमार और कार्यक्रम समन्वयक जीशान अहमद सहित पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
0 टिप्पणियाँ