महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय की पहल पर आजमबाद और मित्तूपुर गांव में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम, विधि विभाग के विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को बताए कानूनी अधिकार और दहेज निषेध के प्रावधान।
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ की ओर से दहेज जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन को लेकर सराहनीय पहल की गई। विश्वविद्यालय की दहेज निषेध जागरूकता कार्यक्रम की नोडल अधिकारी गजाला फिरदौस के नेतृत्व में विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए आजमबाद एवं मित्तूपुर गांवों में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को दहेज प्रथा के दुष्परिणामों और इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना तथा समाज में दहेज मुक्त विवाह को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विधि विभाग के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए दहेज प्रथा से उत्पन्न सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि दहेज प्रथा महिलाओं के सम्मान, समानता और अधिकारों को प्रभावित करने वाली गंभीर सामाजिक बुराई है।
इस अवसर पर ग्रामीणों को दहेज निषेध कानून, महिलाओं के अधिकारों तथा दहेज उत्पीड़न की स्थिति में उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी गई। नोडल अधिकारी गजाला फिरदौस ने कहा कि दहेज प्रथा के उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने लोगों से विवाह में दहेज लेने और देने का विरोध करने की अपील की।
कार्यक्रम में शिक्षक आदर्श मिश्रा, डॉ. आरडी सोनकर, डॉ. परमानंद पांडेय, प्रशांत पांडेय तथा विधि छात्र मुहम्मद जाकिर हुसैन, अभिषेक सेठ और अतुल कुमार भारती सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ