आजमगढ़: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम!

लालगंज के लहुवा स्थित गायत्री मोड़ के पास हुआ हादसा, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित! 
लालगंज, आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लहुवा स्थित गायत्री मोड़ के समीप सोमवार की शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, युवक की मौत से गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बैरीडीह गांव निवासी अलिम पुत्र फैय्याज अहमद लालगंज स्थित आरजू क्लाथ स्टोर पर अपने पिता के साथ काम में हाथ बंटाता था। सोमवार की शाम करीब 5:30 बजे वह दुकान से बाइक लेकर पल्हना की ओर जा रहा था। इसी दौरान लहुवा स्थित गायत्री मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अलिम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों की मदद से घायल युवक को संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय, लालगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया गया कि अलिम चार भाइयों में सबसे छोटा था और अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। परिवार के लिए उसकी मौत एक बड़ा सदमा बन गई है। घटना के बाद बैरीडीह गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ