आजमगढ़ में निर्माणाधीन मंदिर की शटरिंग गिरी, तीन मजदूर घायल।

देवखरी ग्रामसभा में खाटू श्याम त्रिदेव मंदिर के निर्माण के दौरान हादसा, दो मजदूरों की हालत गंभीर।
संवाददाता -राकेश गौतम 
आजमगढ़। जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र की देवखरी ग्रामसभा में सोमवार को निर्माणाधीन खाटू श्याम त्रिदेव मंदिर में बड़ा हादसा हो गया। मंदिर निर्माण के दौरान अचानक शटरिंग गिरने से तीन मजदूर उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। इसके बाद तीनों घायलों को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें दो मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कंधरापुर थाना क्षेत्र के देवखरी ग्रामसभा के अंतर्गत खाटू श्याम त्रिदेव मंदिर का निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा है। सोमवार को निर्माण कार्य के दौरान अचानक शटरिंग गिर गई। उस समय वहां काम कर रहे तीन मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसा अचानक होने के कारण मजदूरों को संभलने का मौका नहीं मिला। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घायलों को बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने के लिए तत्काल प्रयास किए गए।
हादसे में घायल मजदूरों की पहचान कमलेश कुमार (23) और अरुण चौहान (30) के रूप में हुई है। तीसरे घायल मजदूर की पहचान अभी नहीं हो सकी है। तीनों को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि घायलों में दो की हालत गंभीर है।
जिला मुख्यालय से करीब सात किलोमीटर दूर हुई इस घटना के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, शटरिंग गिरने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और क्या इसमें किसी तरह की लापरवाही हुई, इसकी जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी। फिलहाल घायलों के उपचार पर ध्यान दिया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ