लखनऊ में कई जिलों से पहुंचे अधिवक्ताओं ने निकाला पैदल मार्च, बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़े प्रदर्शनकारी; पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।
लखनऊ। अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में वकील राजधानी लखनऊ पहुंचे। अधिवक्ताओं ने पैदल मार्च करते हुए विधानसभा की ओर कूच किया। प्रदर्शन में महिला अधिवक्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विधानसभा से पहले पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई और भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इसके बावजूद प्रदर्शन के दौरान कई अधिवक्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर आगे बढ़ते दिखाई दिए। इस दौरान यूपी पुलिस की भूमिका और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे। प्रदर्शन के दृश्यों में पुलिसकर्मी अधिवक्ताओं को रोकने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन कई प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर आगे निकल गए। इस घटनाक्रम को लेकर यह सवाल भी उठाया गया कि जो पुलिस अक्सर युवाओं के प्रदर्शनों में सख्ती करती दिखाई देती है, वही इस प्रदर्शन में अधिवक्ताओं को रोकने में बेबस क्यों नजर आई?अधिवक्ताओं की मुख्य मांग अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की रही। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कानून जरूरी है। राजधानी में हुए इस प्रदर्शन ने अधिवक्ताओं की सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
0 टिप्पणियाँ