
आजमगढ़। कांग्रेस पार्टी के जिला प्रवक्ता ओंकार पाण्डेय ने पार्टी कार्यालय पर प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता के दौरान बताया कि सिर्फ कांग्रेस ही केंद्र की तानाशाह सरकार से लड़ सकती है। हमारे नेता राहुल गांधी मोदी सरकार के खिलाफ सीना तान कर खड़े है। केंद्र सरकार की जिस तरह से क्रोनी कैप्टलीजम के तहत एक व्यक्ति को फायदा पहुंचा रही है उसी के खिलाफ शीर्ष नेतृत्व के आवाह्न पर हमारे कार्यकर्ता 13 मार्च को राजभवन तक मार्च निकालेंगे और सरकार के तानाशाही के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे। जनपद में पार्टी की स्थिति व गुटबाजी के सवाल पर जिला प्रवक्ता ओंकार पांडेय ने कहा कि कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र काफी मजबूत है टिकट बंटवारे के समय सभी दलों में कुछ नाराजगी होती है। उसे दूर किया जाता है। पीसीसी सदस्यों के चयन में वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी पर कहा कि कांग्रेस पार्टी में सभी को पूरा सम्मान दिया जाता है। सभी की भूमिका पार्टी तय करती है। चयन में वरिष्ठ नेताओं महिलाओं युवाओं सभी जाति धर्म के लोगो का बखूबी ध्यान रखा गया है। जो कुछ वरिष्ठ नेता छूट गये हैं पार्टी भविष्य में उनको अन्य बड़ी जिम्मेदारियां देने पर विचार कर रही है। वही नगर निकाय व आगामी 2024 लोकसभा चुनाव को लेकर कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल चल कर आपसी प्रेम सद्भाव भाईचारे का संदेश दिया है। जनता कांग्रेस की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रही है। उसी क्रम में हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम जनपद में चला रहा है जिसके माध्यम से जन जन तक सरकार के झूठे वादों तथा सरकार की विफलताओं से जनता को अवगत कराया जा रहा है। हम संगठन को मजबूत करने की दिशा में भी लगातार काम कर रहे हैं। जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क पर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। हमें पूर्ण विश्वास है पार्टी नगर निकाय चुनावों से लेकर लोकसभा चुनाव तक ऐतिहासिक प्रदर्शन करेगी।
0 टिप्पणियाँ